वाराणसी , सितंबर 23 -- शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के संयुक्त तत्वावधान में 25 सितंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

सेवायोजन विभाग के अनुसार मेला प्रातः 10 बजे से ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (टीएफसी बिल्डिंग), चांदमारी, बड़ालालपुर में आयोजित होगा। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। एडुटेक, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार के बाद अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि एचआर मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, अप्रेंटिसशिप, कलेक्शन ऑफिसर, रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव, असेंबली लाइन ऑपरेटर और प्रोडक्शन असिस्टेंट सहित अन्य पदों पर भर्ती होगी। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए 2.20 लाख से 5.20 लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज प्रस्तावित है। इच्छुक युवक-युवतियां अपने बायोडाटा, शैक्षिक दस्तावेजों की दो प्रतियों और चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित