हरिद्वार , जनवरी 31 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर 240 अवैध ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए है।
नशा मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थानाध्यक्ष सिडकुल द्वारा गठित पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आईएमसी चौक, सिडकुल क्षेत्र से आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान अभिजीत , निवासी पीर वाली गली, राजीव नगर, आर्य नगर, ज्वालापुर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 240 कैप्सूल ट्रामाडोल तथा एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिडकुल में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित