हाजीपुर , सितंबर 20 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र की रोजगार संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला नियोजनालय, वैशाली की ओर से एक दिवसीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया जा रहा है।यह रोजगार मेला 24 सितंबर 2026 (गुरुवार) को श्री रामचन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान, पातेपुर, वैशाली में आयोजित होगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी इसमें भाग लेकर विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए आवेदन एवं चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
रोजगार मेले में 18-20 निजी क्षेत्र के नियोजकों के भाग लेने की संभावना है। निर्माण, ई-कॉमर्स, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, कम्युनिकेशन, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, एनर्जी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित