नयी दिल्ली , मई 22 -- भारत की पहली महिला नेतृत्व वाली प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग, दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल) ने अपने उद्घाटन सत्र के लिए ट्रायल्स की घोषणा कर दी है। ट्रायल्स का पहला चरण 24 मई को सुबह 8:00 बजे से लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, कड़कड़डूमा में आयोजित किया जाएगा।

लीग ऑफिशियल्स से मिली जानकारी के अनुसार ट्रायल्स को कई चरणों में आयोजित किया जाएगा, ताकि विभिन्न क्षेत्रों और श्रेणियों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को भाग लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। सभी चरणों के पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को आधिकारिक ऑक्शन पूल में शामिल किया जाएगा, जहां डीपीवीएल की छह फ्रेंचाइजी टीमें खिलाड़ियों का चयन करेंगी।

चयन प्रक्रिया पर बात करते हुए डीपीवीएल की संस्थापक नीति रावत ने कहा, "ट्रायल्स को चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान हमें जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली है। हमें खुशी है कि देश के 20 से अधिक राज्यों से खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जो यह दर्शाता है कि डीपीवीएल भारतीय वॉलीबॉल में लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है। लीग के औपचारिक लॉन्च के कुछ ही महीनों में डीपीवीएल को उस दिशा में आगे बढ़ते देखना प्रेरणादायक है, जिसकी हमने हमेशा कल्पना की थी। फेज 1 ट्रायल्स सभी के लिए बेहद रोमांचक होने वाले हैं। हमें उम्मीद है कि इन ट्रायल्स के जरिए हमें कई ऐसी प्रतिभाएं मिलेंगी, जो इस खेल में अपनी अलग पहचान बनाएंगी।"डीपीवीएल, जिसे इस वर्ष की शुरुआत में दिल्ली वॉलीवाल एसोसिएशन और दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के समर्थन से लॉन्च किया गया था, भारत में वॉलीबॉल के लिए एक संरचित और स्थायी इकोसिस्टम तैयार करने पर केंद्रित है।

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। लीग का पहला संस्करण इस वर्ष के अंत में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित