पटना , मार्च 26 -- ारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने गुरुवार को राज्य सरकार से 24 घंटे एक ही दर से बिजली की आपूर्ति करने की मांग की है।

श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि जब से राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है,तब से पूरे बिहार में बिजली की कटौती जारी है। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने शाम छह बजे से रात दस बजे तक बिजली की कीमत महँगी करने का फरमान जारी किया है, जबकि शाम छह से रात दस बजे तक ही बिजली की ज्यादा आवश्यकता रहती है और खपत भी ज्यादा होती है। उन्होंने राज्य सरकार से सभी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट, मुफ्त बिजली देने, स्मार्ट मीटर वापस लेने और 24 घण्टे एक ही दर पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि मार्च महीने में ही गर्मी पड़ने लगी है। पूरे बिहार में बिजली की कटौती भी शुरू हो गई। साथ ही सरकार ने नया फरमान भी जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब शाम में बिजली की कीमत बढ़ाई जाती है, तो मुफ्त बिजली देने के फैसले का कोई औचित्य नहीं रह जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली कटौती बंद करे और 24 घंटे एक ही दर पर बिजली उपलब्ध कराने की गारंटी करे। उन्होंने कहा कि सरकार कीमत बढ़ाने का फरमान वापस नहीं लेती है, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित