पटना , जनवरी 22 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरूवार को बताया कि राज्य में 23 फरवरी से 05 मार्च 2026 तक दम्पत्ति सम्पर्क सप्ताह एवं 06 मार्च से 20 मार्च 2026 तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि स्वास्थ्य विभाग राज्य में जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन साधन की सर्वव्यापक उपलब्धता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी से 05 मार्च 2026 तक दम्पत्ति सम्पर्क सप्ताह एवं दिनांक 06 मार्च से 20 मार्च 2026 तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत राज्य में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं के प्रति आमजन में जागरूकता उत्पन्न करना एवं योग्य दम्पत्तियों को इच्छित सेवा प्रदान करना है। अभियान के प्रति समुदाय स्तर पर आमजन को उत्प्रेरित करने में आशा,आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी, विकास मित्र आदि की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री श्री पांडेय ने कहा कि अभियान के बेहतर प्रबंधन एवं अन्य विभागों से समन्वय के लिये जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी के अध्यक्षता में आईसीडीएस, जनप्रतिनिधि, जीविका और महादलित विकास मिशन के जिला स्तरीय पदाधिकारी सलाहकार एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी सलाहकार के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर से स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर तक परिवार कल्याण सामग्रियों की आपूर्ति मुफ्त औषधि वाहन से सुनिश्चित की जाएगी। अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह कैंप मैनेजर, स्वास्थ्य संस्थान के हेल्थ मैनेजर, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक एवं परामर्शी के सहयोग तथा आयुष एमओ, सीएचओ, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर एवं आशा से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक एफडीएस, कैंप प्लान में सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ न्यूनतम 15 एवं अधिकतम 30 लाभार्थियों को बंध्याकरण, नसबंदी सेवा उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
श्री पांडेय ने कहा कि आम जन में जागरूकता उतपन्न करने उद्देश्य से ई रिक्शा के माध्यम से प्रत्येक प्रखंडों में पांच दिन (01 मार्च से 08 मार्च 2026,होली अवकाश छोड़कर) प्रचार प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सास बहू बेटी सम्मेलन का आयोजन कराया जाएगा। बंध्याकरण, नसबंदी सेवा प्राप्त किए हुए लाभार्थियों को सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उनके घर तक निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित