चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड मेला परिसर में 23 से 26 अक्टूबर तक तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले का उद्घाटन करेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में समापन समारोह होगा। प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे।

चार दिवसीय मेले में देश की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, लोक संगीत और पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां लोग दिवाली के लिए सजावटी सामान, हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद और पारंपरिक कलाकृतियों की खरीदारी कर सकेंगे। हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा लोक कलाकारों और पारंपरिक नृत्य दलों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे। पर्यटकों के लिए विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों और लोकप्रिय खाद्य पदार्थों से सुसज्जित फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला भारतीय सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। इससे स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने तथा सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक कलाओं के संरक्षण के साथ रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहित करते हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, लोक संस्कृति के संवर्धन और पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रयासरत है। सूरजकुंड जैसे आयोजन हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित