चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- चंडीगढ़ नगर निगम की 363वीं जनरल हाउस बैठक में 227 करोड़ रुपये के टेबल एजेंडे को मंजूरी दिए जाने का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने भी इस मुद्दे पर भाजपा और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी गुरुवार को नगर निगम भवन से पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक के राजभवन तक पैदल विरोध मार्च निकालेगी।
आप नेताओं का आरोप है कि कजौली से चंडीगढ़ तक वाटर सप्लाई पाइपलाइन बदलने से जुड़े 227 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को अंतिम समय में टेबल एजेंडे के रूप में पेश कर पर्याप्त चर्चा के बिना मंजूरी दे दी गई। उनका कहना है कि पार्षदों को प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और सदन में इस पर विस्तृत चर्चा भी नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित