चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक शुरू होते ही 227 करोड़ रुपये के टेबल एजेंडे को लेकर सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। विपक्षी पार्षदों ने एजेंडे को बैठक में टेबल करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए मेयर सौरभ जोशी को भी कटघरे में खड़ा किया। विपक्ष का आरोप था कि इतने बड़े वित्तीय एजेंडे को बिना पर्याप्त चर्चा के सदन में लाया गया।
टेबल एजेंडे को लेकर करीब एक घंटे से अधिक समय तक सदन में हंगामा चलता रहा। विपक्षी पार्षदों ने एजेंडे पर सवाल उठाते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। इसके बाद एजेंडे को लेकर सदन में वोटिंग कराई गई।
वहीं, मेयर सौरभ जोशी ने विपक्ष के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब संबंधित एजेंडे सदन में लाए गए थे, उस समय विपक्ष के पार्षद भी हाउस में मौजूद थे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उस समय एजेंडे को लेकर कोई आपत्ति थी तो उसी दौरान सवाल क्यों नहीं उठाए गए। बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित