बारां , जून 30 -- राजस्थान में बारां पुलिस ने साइबर शाखा की मदद से करीब 56 लाख 25 हजार कीमत के 225 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करके उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिये।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ ने मोबाइल फोन धारकों को उनके फोन सुपुर्द किये। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बारां पुलिस की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने पत्रकारों को बताया कि जिले में गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन ढूंढ़ने का जिम्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी जगदीशचंद्र शर्मा एवं उनके दल को सौंपा गया था। दल ने लगातार तकनीकी प्रयास करते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विभिन्न जिलों से इन मोबाइलों को खोजकर बरामद किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक बारां पुलिस साइबर शाखा कुल 1431 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिला चुकी है। इन मोबाइलों का अनुमानित मूल्य करीब तीन करोड़ रुपये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित