नयी दिल्ली , अप्रैल 17 -- कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 215 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने अब 'सरकारी गवाह' बनने की कोशिश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय की इस जांच में अभिनेत्री ने एक याचिका दायर कर जांच में पूर्ण सहयोग करने और सरकारी गवाह बनने की इच्छा व्यक्त की है।
इससे पहले, सितंबर 2025 में जैकलीन को उस समय बड़ा झटका लगा था जब उच्चतम न्यायालय ने उनके खिलाफ ईडी के मामले को रद्द करने वाली याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था।
यह मामला अगस्त 2022 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज एक जबरन वसूली की शिकायत से शुरू हुआ था। सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह के साथ ठगी की। सुकेश ने कथित तौर पर खुद को केंद्रीय विधि सचिव बताकर अदिति सिंह से संपर्क किया और उनके जेल में बंद पति को जमानत दिलाने का वादा कर करोड़ों रुपये ऐंठे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित