पटना , जून 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश दिए ।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने घोषणा की कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए बिहार राज्य की सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिए । साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, चिकित्सा सहायता समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने बताया कि बिहार के 35 जिलों में 331 परीक्षा केंद्रों पर नीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित