वाराणसी , सितंबर 4 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र की नवनियुक्त कार्यसमिति की परिचयात्मक बैठक शुक्रवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हुई। बैठक में नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों का स्वागत किया गया और उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि संगठन में दायित्व मिलना केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ना है। उन्होंने पदाधिकारियों से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

श्री चौरसिया ने कहा कि भाजपा की वर्तमान स्थिति लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। पार्टी का कार्यकर्ता 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से काम करता है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूर्व कार्यकर्ताओं के संघर्ष से प्रेरणा लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा का उद्देश्य है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने तथा विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित