शाहजहांपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
श्री खन्ना 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नवाचार के क्षेत्र में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं पुलिस लाइन से निकली रैली खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंची, जहां शहीदों को सलामी देकर उनके बलिदान को नमन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजनों का आयोजन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित