वाराणसी , अक्टूबर 08 -- केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि युवा विकसित भारत की रीढ़ हैं और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

वाराणसी में आयोजित नमो बुक फेस्ट के दौरान 'विकसित भारत @2047' विषय पर युवाओं और वैज्ञानिकों के बीच संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार ने टेक्नोलॉजी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि स्पेस टेक्नोलॉजी को निजी कंपनियों के लिए खोले जाने से देश में स्पेस इकोनॉमी को नई गति मिली है।

उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल जरूरी है। छात्रों से सरकारी वेबसाइटों को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे गए। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने गंगा ट्रीटमेंट प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि नमामि गंगे मिशन के तहत नई तकनीक के माध्यम से गंगा की स्वच्छता के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसमें युवाओं और वैज्ञानिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में लेखक अमीश त्रिपाठी और सांसद मनोज तिवारी ने काशी, गंगा और लेखन पर चर्चा की। इस दौरान 'काशी बियॉन्ड द घाट' डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें काशी की संस्कृति और गंगा के महत्व को दर्शाया गया।

संवाद में आरजे रौनक, सुजैन, युवराज पोखरना और अंशु गुप्ता समेत अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित