मैनपुरी, सितम्बर 20 -- राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में देश और प्रदेश दोनों गंभीर संकट के दौर से गुजर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि 'विश्वगुरु' बनाने का लॉलीपॉप देकर जनता को ठगा गया है और आज देश की अरबों-खरबों की राष्ट्रीय संपत्तियां, बंदरगाह, हवाई अड्डे, ट्रेनें और एलआईसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान कौड़ियों के भाव चंद पूंजीपतियों के हाथों बेचे जा रहे हैं। सरकारी नौकरियों को खत्म कर आउटसोर्सिंग व ठेकेदारी प्रथा के जरिए युवाओं के श्रम का खुला शोषण किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सरकार का 'जीरो टॉलरेंस' का दावा पूरी तरह खोखला साबित हो चुका है। राज्य में रोजाना दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के युवाओं व महिलाओं के साथ जघन्य घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध करने वाले माफिया और गुंडे यदि सत्ताधारी दल या मुख्यमंत्री की बिरादरी से जुड़े होते हैं, तो उन पर कार्रवाई या बुलडोजर चलना तो दूर, पुलिस गिरफ्तारी तक से बचती है। प्रशासन अपराधियों को जेल भेजने के बजाय उन्हें संरक्षण देने में पूरी ताकत झोंक रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित