लखनऊ , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार सामने देखकर सपा बौखलाहट में झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

श्री अंसारी ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए झूठ और भ्रम फैलाना समाजवादी पार्टी का प्राथमिक एजेंडा बन गया है। उन्होंने सपा नेताओं से सवाल किया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में अपराधों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाओं को लेकर वे अब सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उस समय उनकी भूमिका क्या थी।

मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के हौसले बुलंद थे और प्रदेश में दिनदहाड़े लूट, चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाएं होती थीं। उन्होंने सवाल किया कि उस समय समाजवादी पार्टी को प्रदेश की भलाई और कानून-व्यवस्था की चिंता क्यों नहीं हुई।

श्री अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए काम कर रही है और उत्तर प्रदेश की छवि बेहतर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से सपा नेता परेशान हैं। उन्होंने सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेता पत्रकारों का अपमान कर रहे हैं।

मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके कार्यकर्ता आम और गरीब लोगों पर जानबूझकर अत्याचार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को बदनाम करने के लिए आपराधिक घटनाएं बढ़वाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी का यह रवैया अब नहीं चलेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता पार्टी की वास्तविकता जानती है और उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित