औरैया , सितंबर 12 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने औरैया में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में न तो सत्ता पक्ष के लोगों का सम्मान हो रहा है और न ही आम जनता की कोई सुनवाई हो रही है। प्रदेश की जनता इस कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताएगी और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक के बाद एक कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। जब प्रदेश का युवा पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा, तो सरकार ने उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाईं और उन्हें जेलों में डाल दिया।
राज्य की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए श्यामलाल पाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गुंडई और अराजकता का माहौल चरम पर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के मामले में आज उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है, अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और आम नागरिक खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, पूर्व विधायक रामजी शुक्ला, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, लालजी शुक्ला सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व औरैया आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित