वाराणसी , अगस्त 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह ने मंगलवार को अपने प्रथम काशी प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा अन्य संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं।
उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
श्री सिंह ने कहा कि चुनाव के समय पूरे देश की निगाहें काशी क्षेत्र पर रहती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और उसी ऊर्जा के साथ संगठन को चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव लड़ने की इच्छा रख सकता है, लेकिन टिकट घोषित होने के बाद सभी को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर कमल के अधिकृत प्रत्याशी की जीत के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संगठन और विचारधारा की विजय का अभियान है।
भाजपा नेता ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि संगठन की वर्तमान मजबूती उनके त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने जिलाध्यक्षों एवं संगठन के सभी पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया। बैठकों में संगठन विस्तार, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित