अमरोहा , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दो महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी गतिविधियों को तेज कर दिया है।

पार्टी ने हापुड़ विधानसभा सीट से विपिन दीवान तथा अमरोहा जिले की हसनपुर विधानसभा सीट से पूर्व ब्लॉक प्रमुख हाजी मुमताज अली उर्फ हाजी भुट्टू को उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बसपा ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब अन्य प्रमुख राजनीतिक दल अभी उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन और सर्वेक्षण की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की करीब एक दर्जन अन्य सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर चुकी है।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी बाबू मुनकाद अली ने दोनों प्रत्याशियों के नामों की पुष्टि करते हुए कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई सीटों पर मजबूत और सामाजिक रूप से प्रभावशाली उम्मीदवारों का चयन किया है।

सूत्रों के मुताबिक, बसपा 22 जून से विभिन्न जिलों में सीटवार प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा का अभियान शुरू करेगी। शिकारपुर, सहारनपुर देहात, पुरकाजी, गढ़मुक्तेश्वर और सरधना जैसी सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम तय किए जा चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पिछले चुनावों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद बसपा इस बार नई रणनीति के साथ मैदान में उतर रही है। पार्टी दलित, मुस्लिम और सवर्ण मतदाताओं के सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश कर रही है। इसी रणनीति के तहत आरक्षित हापुड़ सीट पर विपिन दीवान और हसनपुर सीट पर मुस्लिम चेहरे के रूप में हाजी मुमताज अली को मैदान में उतारा गया है।

पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि अमरोहा सदर सीट पर किसी युवा चेहरे को उम्मीदवार बनाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बसपा नेतृत्व का मानना है कि समय से पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर संगठन को चुनावी तैयारी के लिए अधिक समय मिलेगा और इसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में मिल सकता है।

बसपा नेताओं ने दावा किया है कि पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है और व्यापक जनसमर्थन हासिल करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर अभियान को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित