लखनऊ , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण) नरेंद्र कश्यप के लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा और उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पिछड़ा वर्ग के बीच जनसंपर्क बढ़ाने तथा चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित आयोग एवं संगठन से जुड़े अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए पिछड़ा वर्ग समाज के बीच लगातार संवाद स्थापित करना होगा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में पिछड़ा वर्ग समाज के प्रमुख लोगों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध वर्ग और पिछड़ा समाज के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सरकार तथा संगठन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी सहमति बनी।
बैठक में कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, सामाजिक संवाद और संगठन विस्तार के लिए चरणबद्ध कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में भाजपा का महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है।
लंबे समय तक भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे नरेंद्र कश्यप के अनुभव का लाभ उठाते हुए पार्टी पिछड़ा वर्ग के बीच अपनी संगठनात्मक पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित