चंडीगढ़ , अक्टूबर 14 -- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 16 अक्टूबर को संगरूर में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक करेगी। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में होने वालीइस बैठक में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह भी शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि बैठक में पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति और पार्टी का आगामी राजनीतिक रोडमैप तैयार करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। किसानों की समस्याएं, नशे का बढ़ता प्रकोप, सरकारी कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता (डीए), कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पंजाब की आर्थिक स्थिति प्रमुख चर्चा के विषय होंगे। राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।

श्री सरीन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा भाजपा के पंजाब प्रभारी डॉ सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वरिंदर सचदेवा, सह-प्रभारी एवं सांसद डॉ अलका गुर्जर तथा वरिष्ठ नेता तरुण चुघ भी बैठक के विभिन्न सत्रों को संबोधित कर सकते हैं। बैठक में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने और सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीतिपर भी विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित