इटावा , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्देश देगी, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगी।
मैनपुरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सैफई स्थित कुल देवी-देवताओं के मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं अपर्णा यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक होगा। चुनाव लड़ने की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि तैयारी बिल्कुल है, जबकि सीट का फैसला पार्टी करेगी।
उन्होंने कहा कि वह मैनपुरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान उन्होंने सैफई स्थित अपने कुल देवी-देवताओं के मंदिर में दर्शन और प्रणाम करने का निर्णय लिया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और आशीर्वाद लिया।
अपर्णा यादव ने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति में प्रत्येक व्यक्ति को अपने कुल देवी-देवताओं के मंदिर जाकर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव बहुत अहम और निर्णायक होगा। उत्तर प्रदेश को पूरे देश की राजनीतिक राजधानी और राजनीतिक धरोहर माना गया है। यहां जो भी सत्तारूढ़ होता है, वह देश का भाग्य बदलता है।
विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग पर लगातार उठाए जा रहे सवालों के संबंध में उन्होंने कहा कि चुनाव वर्ष है, इसलिए इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगते रहेंगे। यह पहली बार नहीं हो रहा है और इस तरह के घटनाक्रम पहले भी होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी को राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए, अपने कार्य अच्छे से करने चाहिए और अपने परिवार का ध्यान रखना चाहिए।
राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से घोषित दो नामों में एक उद्योगपति का नाम शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी का निर्णय है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 'अखिलेश के बिना यूपी सूना' संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर अपर्णा यादव ने कहा कि इसका जवाब बृजभूषण सिंह से ही लिया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित