नयी दिल्ली , मई 06 -- भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू), जो युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) और अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ महासंघ (आईजीएफ) से मान्यता प्राप्त है, प्रतिष्ठित क्वीन सिरिकिट कप में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपने तीन सदस्यीय भारतीय दल को इंडोनेशिया भेजेगा। यह टूर्नामेंट इंडोनेशिया के बोगोर स्थित सेंटुल हाइलैंड्स गोल्फ क्लब में 12 से 15 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
यह टूर्नामेंट एशिया-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन (एपीजीसी) और द रॉयल एंड एंशिएंट (जो गोल्फ के नियमों के लिए वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी है) के सहयोग से आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया सहित कुल 15 देश अपनी चुनौती पेश करेंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया, चीन, चीनी ताइपे, हांगकांग, भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, म्यांमार, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम भी शामिल है।
2025 लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन गुंतास कौर संधू इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय दल की नेतृत्व करेंगी। उन्होंने हाल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। चंडीगढ़ की इस गोल्फर ने 2025-26 आईजीयू सीजन में 20 मुकाबलों में से छह में शानदार जीत हासिल की है और 17 बार शीर्ष-10 में स्थान प्राप्त किया है।
संधू ने हाल में अप्रैल में आयोजित आईजीयू पश्चिम बंगाल लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप में लेडीज और संयुक्त ए और बी कैटेगरी का खिताब जीता है। संधू के अलावा भारतीय दल की अन्य सदस्यों में हरियाणा की सीरत कांग और दिल्ली की कीया बडुगु शामिल हैं। वंदना अग्रवाल को इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय दल की मैनेजर नियुक्त किया गया है।
गुंतास संधू इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेने को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने इस पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, '' इस टूर्नामेंट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। क्वीन सिरिकिट कप एमेच्योर गोल्फ में एक प्रतिष्ठित टीम इवेंट है। यह मेरे करियर का एक अहम पड़ाव है क्योंकि इससे मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने, कड़ी मेहनत करने, ध्यान केंद्रित रखने और अपने खेल में सुधार करने का मौका मिलेगा। आईजीयू ने मेरे खेल को सुधारने में बहुत मदद की है।''क्वीन सिरिकिट कप को आधिकारिक तौर पर एमेच्योर लेडीज एशिया-पैसिफिक इनविटेशनल गोल्फ टीम चैंपियनशिप के नाम से जाना जाता है। इसका नाम थाईलैंड की पूर्व रानी के नाम पर रखा गया था। टूर्नामेंट का उद्घाटन 1979 में हुआ था और भारत ने नौ देशों के इस टूर्नामेंट के पहले संस्करण से ही इसमें भाग लिया था। साल 2023 में, अवनी प्रशांत ने क्वीन सिरिकिट कप में व्यक्तिगत खिताब जीतकर 43 वर्षों के सूखे को समाप्त किया था।
15 वर्षीय युवा खिलाड़ी संधू ने कहा, '' साल 2023 में अवनी प्रशांत की जीत मेरे लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है। एक भारतीय गोल्फर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करते देखना मुझे प्रेरणा देता है और यह विश्वास दिलाता है कि मैं भी ऐसा कर सकती हूं।''54 होल में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में तीन खिलाड़ियों की टीमें हिस्सा लेती हैं और प्रतिदिन के सर्वश्रेष्ठ दो स्कोर गिने जाते हैं। विजेता टीम को आर एंड ए गर्ल्स एमेच्योर में एंट्री मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित