नयी दिल्ली , जून 07 -- भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू), जिसकी अगुवाई बृजिंदर सिंह और उनकी टीम कर रही है तथा जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ महासंघ (आईजीएफ) द्वारा राष्ट्रीय खेल महासंघ के रूप में मान्यता प्राप्त है, जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए छह सदस्यीय भारतीय गोल्फ टीम भेजेगा। पुरुष और महिला वर्ग की गोल्फ स्पर्धाएं 30 सितंबर से 3 अक्टूबर, 2026 तक कसुगाई कंट्री क्लब ईस्ट कोर्स में आयोजित की जाएंगी।

वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 451वें स्थान पर मौजूद युवराज संधू भारतीय पुरुष टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें वीर अहलावत (विश्व रैंकिंग 558) और सप्तक तलवार (विश्व रैंकिंग 576) भी शामिल हैं।

एलपीजीए टूर की नियमित खिलाड़ी और वर्तमान विश्व नंबर 135 अदिति अशोक भारतीय महिला टीम की कप्तानी करेंगी। टीम में दीक्षा डागर (विश्व रैंकिंग 221) और प्रणवी उर्स (विश्व रैंकिंग 270) भी शामिल हैं। अदिति अशोक ने 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता था। खिलाड़ियों का चयन एशियाई खेलों के लिए आईजीयू की चयन नीति के अनुसार किया गया, जो महासंघ की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित है।

भारतीय गोल्फ संघ के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने जापान में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर विश्वास व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित