चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले के बिलासपुर में 20 से 24 नवंबर तक पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कपाल मोचन मेले का आयोजन किया जाएगा। करीब 122 एकड़ में लगने वाले इस मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और मानवता के संदेश पर आधारित ड्रोन शो तथा लाइट एंड साउंड कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेंगे। 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का राज्य स्तरीय प्रकाश पर्व भी मनाया जाएगा।

मेले में दस सिख गुरुओं के इतिहास और योगदान को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अंबाला के शहीद स्मारक की जानकारी भी प्रदर्शित होगी।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए लंगर, आवास, स्वच्छ पेयजल और महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कपाल मोचन, ऋण मोचन और सूरज कुंड सरोवरों की सफाई, मरम्मत तथा पर्याप्त स्वच्छ जल उपलब्ध कराने को भी कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित