चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'जख्म 84 दे' सम्मेलन की शुरुआत बुधवार को स्थानीयहोटल पार्कव्यू में भावुक माहौल में हुई। सम्मेलन में 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ित परिवारों और जीवित बचे लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत नरसंहार में मारे गए लोगों की आत्मिक शांति और पीड़ितों को न्याय मिलने की कामनाके साथ अरदास से हुई।

इसके बाद नवंबर 1984 की घटनाओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें दिल्ली के त्रिलोकपुरी में जलाए गए घरों, कनॉट प्लेस में आग के हवाले की गई दुकानों, बेघर हुए परिवारों और बसों से सिखों को खींचकर बाहर निकाले जाने के दृश्य प्रदर्शित किए गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पंजाब की आत्मा पर आज दो गहरे धब्बे हैं,-'84 के जख्म' और 'चिट्टे की पीड़ा।' उन्होंने कहा कि बिना निष्पक्ष और पूर्णन्याय के ये जख्म नहीं भर सकते।

श्री प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक नवंबर को कांग्रेस ने दिल्ली में रैली की और आज पंजाब में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे आयोजनों से 1984 के पीड़ितों के जख्मों पर नमक क्यों छिड़का जा रहा है। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 19 नवंबर 1984 के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।'श्री प्रसाद ने दावा किया कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहते हुए उन्होंने इस बयान से संबंधित वीडियो साक्ष्य को सार्वजनिक अभिलेखों में दोबारा उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि वह अपने पिता के इस बयान पर क्या रुख रखते हैं और क्या उनके परिवार ने देश से कभी ईमानदारी से माफी मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चार दशक तक न्याय की प्रक्रिया को टालने और दोषियों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने विभिन्न जांच आयोगों के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी दोषियों को सजा नहीं मिल सकी। प्रसाद ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन और जस्टिस ढींगरा की सिफारिशों पर कार्रवाई के बाद सज्जन कुमार जैसे नेताओं को सजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उन्होंने इस कानूनी लड़ाई में वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फूलका के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सम्मेलन में मौजूद पीड़ित परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि श्री गांधी का 1984 का बयान 42 वर्ष बाद भी सिख समुदाय को पीड़ा पहुंचाता है। उन्होंने राहुल गांधी की संगरूर रैली पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस पर न्याय की बात करने और दूसरी ओर पीड़ितों के पुराने जख्म कुरेदने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अंतिम दोषी को सजा मिलने तक प्रयास जारी रखेगी।

सत्र का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि लंबे कानूनी संघर्ष के बाद दोषियों को जवाबदेह बनाने की दिशा में प्रगति हुई है और भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित