पटना , मार्च 18 -- मेरा युवा भारत, पटना युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 19-20 मार्च को बिहार विधान सभा के केन्द्रीय सभागार में राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राज्य के 37 जिलों से चयनित 185 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में गठित जूरी सदस्यों की टीम करेगी। इस टीम में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री संजय सिंह ( टाइगर ), सूचना प्रावैधिकी तथा खेल विभाग की मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, विधायक नीतीश मिश्रा, राणा रणधीर, मंजीत कुमार सिंह, श्रीमती संगीता कुमारी, श्रीमती दीपा कुमारी, बाबुलाल शौर्य, शुभानंद मुकेश एवं सचिव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को निर्धारित विषय पर भाषण के माध्यम से अपने विचार रखने का अवसर प्रदान किया जाना है। युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन तीन स्तरों जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। जिला स्तर पर चयनित 05 प्रतिभागी राज्य स्तर पर दिनांक 19-20 मार्च 2026 को बिहार विधान सभा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा राज्य स्तर पर चयनित तीन प्रतिभागी को राष्ट्रीय स्तर पर संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित