पटना, मई 14 -- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने गुरुवार को बताया कि राज्य में जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत 18 मई से 25 मई तक सभी एससी-एसटी टोलों में जनभागीदारी अभियान का आयोजन किया जाएगा।
मंत्री श्री रौशन ने जिला कल्याण पदाधिकारियों (डीडब्लूओ) के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि अभियान के तहत हेल्थ कैंप, सड़क, भवन, आंगनबाड़ी केंद्र समेत कल्याणकारी योजनाओं को जनजन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आवासीय विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति और डीबीटी में कमी पाए जाने पर पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि बच्चों में प्रचार प्रसार कर अभियान के तौर पर इसी माह 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
मंत्री श्री रौशन ने कहा कि बच्चों को शिक्षित करना विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे दूर के जिले से आते है उन्हें राहत देते हुए आसपास के जिले में ही दाखिला लेने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिए मुख्यालय स्तर से महीने में दो बार समीक्षा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में दो हजार से अधिक शिक्षक रिक्तियों को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। छात्रावासों में छात्रों के बेहतर शिक्षा, सुविधा और सुरक्षा प्राप्त हो इसपर विशेष ध्यान रखा जाए। प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र पर अभ्यर्थियों को तैयारी में कोई समस्या न हो इसपर नजर रखी जाए और केन्द्र पर प्रोफेसर लोगों को आगाह किया जाए कि अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित