लखनऊ , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए इस वर्ष भी व्यापक निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि परीक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ स्थित शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड पर राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी परीक्षा अवधि के दौरान ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी और सभी जिलों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस कंट्रोल रूम का उद्घाटन 17 फरवरी को माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी द्वारा किया जाएगा। कंट्रोल रूम परीक्षा संचालन को सुचारू, समयबद्ध और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी जिलों से त्वरित सूचना प्राप्त की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित