कानपुर , जून 12 -- कानपुर नगर में आगामी 18 जून को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के कैलाश भवन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें 500 से अधिक किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों तथा कृषि निदेशालय (बाढ़ोन्मुखी प्रकोष्ठ), के आदेशों के क्रम में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 5 जून से 21 जून तक आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही इन योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

इसी क्रम में आयोजित होने वाली प्राकृतिक खेती कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों, सरकारी योजनाओं तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यशाला स्थल पर विभागीय स्टॉल स्थापित करें, ताकि किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील एवं उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। इससे अन्य किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यशाला को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से किसानों को नवीन तकनीकों और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित