पटना, सितंबर 13 -- बिहार के पटना जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान'का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। अभियान को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला तक सीमित न रखते हुए जनसेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़कर एक व्यापक जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हुए सरकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की संध्या 'आशीर्वाद का दीया'कार्यक्रम से होगा। इसके तहत जिले के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सद्भाव एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना' विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही विद्यालयों में अभिभावक- शिक्षक बैठक का आयोजन कर विद्यार्थियों के समग्र विकास में अभिभावकों की सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित