पटना , सितंबर 14 -- ुवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित करने के उद्देश्य से बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 'सेवा मेरा योगदान' अभियान में 25 प्रकार की प्रमुख सेवा गतिविधियों को शामिल किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग-सह-श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई।
मंत्री ने कहा कि सेवा कार्यों को सामाजिक सहभागिता से जोड़कर अभियान को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाया जाए। युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को समाजहित के कार्यों से जोड़कर विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण तथा 'विकसित भारत-2047' के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की दिशा में आयोजित किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत वंचित बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराने, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल जागरूकता, नशामुक्ति जागरूकता और वृक्षारोपण सहित कई जनोपयोगी गतिविधियां होंगी। युवाओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों से अभियान के प्रचार-प्रसार तथा सभी गतिविधियों को 'मेरा भारत' पोर्टल पर अपलोड कर व्यवस्थित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में युवा आयोग, एनसीसी, भारत स्काउट गाइड, एनएसएस सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित