सहारनपुर , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 17 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान जाहिद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, एटीएस निरीक्षक सुधीर उज्जवल और थाना चिलकाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को साइफन पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक नगर ब्योम बिंदल ने शनिवार को बताया कि वर्ष 2009 में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के तत्कालीन उपनिरीक्षक इंदरपाल सिंह ने मोहम्मद जाहिद समेत छह बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कुतुबशेर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अन्य आरोपियों में वली अहमद, कमाल हुसैन, सुलेमान, कबीर और अब्दुल कादिर शामिल थे।

उन्होंने बताया कि मामले में तीन अभियुक्तों को न्यायालय से सजा भी हो चुकी है, जबकि जाहिद जमानत पर रिहा होने के बाद वर्ष 2009 से ही फरार चल रहा था। लंबे समय से फरार होने के कारण उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, बांग्लादेशी पहचान पत्र तथा एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फरारी के दौरान जाहिद ने कथित रूप से एक नेपाली महिला से गुपचुप तरीके से विवाह कर लिया था और पिछले 17 वर्षों से देश में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके संपर्कों, गतिविधियों तथा फरारी के दौरान उसे शरण या सहायता देने वाले व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित