, April 15 -- मास्को, 15 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) सत्रह देशों ने लेबनान पर इजरायली हमलों की निंदा की और पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की प्रक्रिया में लेबनान को शामिल करने का आह्वान किया। यह जानकारी स्पुतनिक ने उन देशों द्वारा जारी एक संयुक्त बयान के हवाले से दी।
इस दस्तावेज पर ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, क्रोएशिया, साइप्रस, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, ग्रीस, आइसलैंड, लक्जमबर्ग, माल्टा, नॉर्वे, पुर्तगाल, स्लोवेनिया, स्पेन, स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम के विदेश मंत्रियों ने हस्ताक्षर किए।
ब्रिटेन के विदेश कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी बयान में कहा गया, "हम क्षेत्रीय तनाव में कमी लाने के प्रयासों में लेबनान को शामिल करने का आह्वान करते हैं और सभी पक्षों से एक स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में काम करने का आग्रह करते हैं। हम हिज़्बुल्लाह द्वारा इजरायल पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं जिन्हें तत्काल बंद करना चाहिए। हम लेबनान पर इजरायल द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर हमलों की भी कड़ी निंदा करते हैं।"बयान में आगे कहा गया कि देशों ने दोनों पक्षों की हिंसा की निंदा की, इजरायल के साथ सीधी बातचीत के लिए लेबनान की पहल का स्वागत किया और लेबनान की क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए अपने समर्थन की पुष्टि की।
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव दो मार्च को तब शुरू हुआ जब लेबनानी आंदोलन ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजरायली सैन्य अभियान के बीच इजरायली क्षेत्र पर रॉकेट से हमला करना फिर से शुरू कर दिया। इसके जवाब में, इजरायल ने लेबनान के दक्षिणी क्षेत्रों, बेका घाटी और बेरूत के उपनगरों सहित अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हमला किया। 16 मार्च को, इजरायली सेना ने आधिकारिक तौर पर दक्षिणी लेबनान में जमीनी अभियान शुरू करने की घोषणा की।
पिछले सप्ताह ईरान और अमेरिका के बीच हुए दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद हिज़्बुल्लाह ने इजरायल के खिलाफ अपने अभियान को रोक दिया लेकिन इजरायल ने आठ अप्रैल को बेरूत और दक्षिणी लेबनान के शहरों पर भीषण हमला किया जिसके बाद नौ अप्रैल को हिज़्बुल्लाह ने अपना अभियान फिर से शुरू कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित