मुंबई , जुलाई 16 -- नन्या पांडे और लक्ष्य अभिनीत रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'चांद मेरा दिल' 17 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमन मिश्रा और मारिज्के डीसूजा ने किया है। विवेक सोनी निर्देशित यह फिल्म आरव और चांदनी की भावनात्मक प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें प्यार, बिछड़न और रिश्तों के उतार-चढ़ाव को संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है।
सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब यह फिल्म ओटीटी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। निर्माताओं का कहना है कि रिश्तों की सादगी, दिल को छू लेने वाले संगीत और भावनात्मक कहानी के कारण यह फिल्म दर्शकों को एक बार फिर अपनी ओर आकर्षित करेगी।
फिल्म के ओटीटी प्रीमियर को लेकर अनन्या पांडे ने कहा कि चांदनी का किरदार निभाना उनके करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार के माध्यम से फिल्म को नया मंच मिलने से यह और अधिक दर्शकों तक पहुंचेगी और उन्हें उम्मीद है कि लोग इसे अपनी अगली मूवी नाइट या डेट नाइट का हिस्सा बनाएंगे।
वहीं लक्ष्य ने कहा कि 'चांद मेरा दिल' ऐसी कहानी है, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में बनी रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक अपने प्रियजनों के साथ इस फिल्म का आनंद लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित