जम्मू , जुलाई 15 -- जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती पुंछ जिले में 12 दिवसीय श्री बाबा बुद्ध अमरनाथ यात्रा के इस वर्ष 17 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पुंछ के लिए रवाना होगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बाबा बुद्ध अमरनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, यात्रा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर, स्वच्छता, शौचालय, वाटरप्रूफ टेंट, जल निकासी, आवास, वाहन पार्किंग, चिकित्सा सुविधाएं, निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने 12 जुलाई को यात्रा तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि पिछले वर्षों में सामने आयी कमियों को इस बार दूर कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।
उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत हुसैन भट ने कहा कि यात्रा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किये जाएंगे।
समुद्र तल से लगभग 4,600 फुट की ऊंचाई पर पुंछ जिले की लोरन घाटी में पुलस्ता नदी के किनारे स्थित बाबा बुद्ध अमरनाथ मंदिर जम्मू से लगभग 290 किलोमीटर दूर है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, अमरनाथ गुफा की यात्रा बाबा बुद्ध अमरनाथ के दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित