अलवर , फरवरी 15 -- राजस्थान में अलवर में साहित्य, समाज और राष्ट्रचेतना के विषयों से सम्बंधित दो दिवसीय साहित्यिक महोत्सव 'सरिस्का साहित्य संवाद 2026' का आयोजन 16 एवं 17 फरवरी को किया जायेगा।

आयोजकों ने रविवार को बताया कि इस आयोजन में राज्य एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से साहित्यकार, चिंतक, युवा रचनाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और बौद्धिक जगत से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व सहभागिता करेंगे। आयोजन के तहत काकोरी विषय पर आधारित विशेष वृत्त चित्र प्रदर्शित किया जायेगा, जो स्वतंत्रता आंदोलन के स्वर्णिम अध्याय को स्मरण कराएगाआयोजकों ने बताया कि "शतकीय राष्ट्र साधना" विषय पर केंद्रित विशेष सत्र कार्यक्रम का महत्वपूर्ण आकर्षण रहेगा। इस सत्र में विख्यात यूट्यूबर, शिक्षक एवं पूर्व आरएएस अधिकारी अंकित अवस्थी, राजस्थान के मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार हिरेन जोशी और मोटिवेशनल स्पीकर मोनिका रस्तोगी अपने विचार साझा करेंगे।

राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष संवाद आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देश के प्रख्यात कवि विनीत चौहान एवं राष्ट्रीय विचारक एवं योग प्रशिक्षक श्रीवर्धन विषय को ऐतिहासिक एवं समकालीन परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि इसके अतिरिक्त "मीडिया, साहित्य एवं समाज" विषय पर आयोजित परिचर्चा में आईएएनएस राजस्थान हेड अर्चना शर्मा, विचारक निखिलेश शांडिल्य और दिल्ली विश्वविद्यालय से प्रोफेसर रजनी सहभागिता करेंगी। साथ ही विविध कार्यशालाएँ एवं प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम का समापन 17 फरवरी को सरिस्का क्षेत्र में आयोजित "सरिस्का वॉक" और आस्था के प्रमुख केंद्र पांडुपोल मंदिर के दर्शन के साथ होगा। इस अवसर पर प्रख्यात लेखिका अंशु हर्ष भी सम्मिलित रहेंगी।

आयोजन समिति ने सभी साहित्यप्रेमियों, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों से इस दो दिवसीय उत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित