पटना , अगस्त 13 -- ्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान, पटना में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है।प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने गुरुवार को दंडाधिकारीयों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग के अवसर पर कहा किसमारोह को पूरी भव्यता, गरिमा एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाला मुख्य राजकीय समारोह पूरे उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह की तैयारियों का अंतिम रूप से निरीक्षण एवं पूर्वाभ्यास किया गया है, जिससे स्वतंत्रता दिवस के दिन सभी कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार एवं सुचारू रूप से संपन्न हों।

अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा प्रबंधन तथा विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले प्रत्येक दर्शक की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि विधि-व्यवस्था संधारण की दृष्टि से पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टरों तथा सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में अपर जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को वरीय प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।उन्होंने बताया कि गांधी मैदान एवं कारगिल स्मृति चौक में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए कुल 62 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 अगस्त को सुबह 6 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं तथा कार्यक्रम स्थल से सभी दर्शकों के सुरक्षित रूप से चले जाने तक अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित