रायबरेली , सितम्बर 18 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पानी की मांग न होने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के उद्देश्य से डलमऊ पम्प नहर (डीपीसी) को सात सितम्बर से 15 अक्टूबर तक बंद रखा गया है।
इस दौरान नहर के विभिन्न स्थानों पर पुनर्निर्माण और पुल के विस्तारीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता, रायबरेली खंड (दक्षिण), शारदा नहर बृजेश मौर्य ने बताया कि बंदी अवधि में डीपीसी के किलोमीटर 4.230, 8.260, 16.161 और 18.481 पर वीआरबी के पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा किलोमीटर 25.296 पर निर्मित पुल के विस्तारीकरण का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विगत अवधि में अच्छी वर्षा होने के कारण निर्माण कार्यों को बंदी अवधि में कराने के संबंध में क्षेत्रीय कृषकों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय एवं वार्ता की गई तथा उनकी सहमति प्राप्त की गई है।
अधिशासी अभियंता के अनुसार पुल के विस्तारीकरण का कार्य बंदी अवधि में पूरा होने से करीब 50 हजार लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित