लखनऊ , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त के 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' तथा 15 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए प्रदेश के सभी बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और तिरंगे के गौरव का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी कार्ययोजना में कहा गया है कि सभी विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन किया जाए और प्रत्येक गतिविधि में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा अधिकतम जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाए।

निर्देशों के अनुसार 14 अगस्त को सभी विद्यालयों में 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक परिस्थितियों, उसके मानवीय प्रभाव और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। विद्यालयों में विशेष व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संवेदनशील बन सके।

विभाग ने बताया कि 15 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालय अभियान के प्रचार-प्रसार के प्रमुख केंद्र होंगे और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

अभियान के तहत विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी तथा तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता, संविधान में निहित मूल कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। सरकार ने अभियान की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार डिजिटल और सोशल मीडिया माध्यमों से भी करने के निर्देश दिए हैं।

विद्यालयों से कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो निर्धारित माध्यमों पर साझा किए जाएंगे तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों को अभियान के आधिकारिक डिजिटल मंच पर भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान के संस्कार विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यालय इस अभियान के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे और प्रयास रहेगा कि प्रत्येक विद्यार्थी तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े, ताकि विद्यालयों से उठने वाला राष्ट्रगौरव का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित