आगरा , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण का शुभारंभ 14 अगस्त से होगा। लीग का उद्घाटन मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि फाइनल छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। खिलाड़ियों की नीलामी 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
यूपी टी20 लीग की नीलामी को लेकर गुरुवार को आगरा के ताजगंज स्थित होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लीग के अधिकांश मुकाबले लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे। भविष्य में प्रतियोगिता के प्रारूप का विस्तार कर प्रदेश के अन्य शहरों को भी मेजबानी का अवसर दिया जाएगा, जिससे पूरे प्रदेश में क्रिकेट संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
डॉ. कपूर ने बताया कि 24 जुलाई को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। नीलामी की प्रक्रिया का संचालन अभिनेता एवं पेशेवर ऑक्शनर अंगद बेदी करेंगे। उन्होंने बताया कि 10 खिलाड़ियों का आधार मूल्य पांच लाख रुपये, 45 खिलाड़ियों का साढ़े तीन लाख रुपये तथा शेष खिलाड़ियों का आधार मूल्य ढाई लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
उन्होंने विभिन्न फ्रेंचाइजी के उपलब्ध पर्स की जानकारी देते हुए बताया कि गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये, मेरठ मावेरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये तथा कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये की राशि उपलब्ध है।
डॉ. कपूर ने कहा कि यूपीसीए जल्द ही महिला टी20 लीग भी शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच मिल सके। उन्होंने बताया कि यूपी टी20 लीग का सीधा प्रसारण जियो और हॉटस्टार पर किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी और भविष्य में प्रदेश से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
प्रेस वार्ता में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, यूपी टी20 गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित