रांची , जुलाई 18 -- झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को 135वें डूरंड कप 2026 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया।
दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित ट्रॉफी शोकेस समारोह में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, खेल विभाग के प्रतिनिधियों, फुटबॉल प्रेमियों और मीडिया की उपस्थिति में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया।
मंत्री श्री कुमार ने आज कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी कर रहा है। डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का रांची में आयोजन राज्य के लिए गर्व का विषय है। इससे युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर और प्रेरणा मिलेगी, साथ ही राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने कहा कि डूरंड कप केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय सेना की गौरवशाली खेल परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इस वर्ष 135वें डूरंड कप के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। देश के शीर्ष फुटबॉल क्लबों और सर्विसेज टीमों की भागीदारी से टूर्नामेंट के रोमांचक होने की उम्मीद है।
वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना तथा दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल है। लगातार मेजबानी के चलते रांची अब भारतीय फुटबॉल के प्रमुख केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित