श्रीगंगानगर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सद्भावना नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की सड़कें अतिक्रमण मुक्त करवाने और मुख्य योजना के अनुरूप विकास कार्य शुरू करवाने की मांग को लेकर संयुक्त मास्टर प्लान संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।
समिति के संयोजक नरेश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) (सिटी) अश्विनी के. पंवार से मुलाकात करके उन्हें पावन धाम रोड से जुड़ी पंचायतों के 134 परिवारों की ओर से पंचायत चुनाव बहिष्कार के अलग-अलग व्यक्तिगत ज्ञापन सौंपे गये।
प्रतिनिधिमंडल में समिति संयोजक नरेश शर्मा, एडवोकेट लक्ष्मीकांत सैनी, एडवोकेट लक्ष्मीकांत चौहान, विनोद शाक्य और बजरंग सैनी शामिल थे।
समिति ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट किया कि क्षेत्र की सड़कों को मुख्य योजना के अनुसार विकसित करने की कार्रवाई बीच में रोकना जनहित के विपरीत है। सड़कें अतिक्रमण मुक्त नहीं होने से आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए प्रशासन तत्काल प्रभावी कदम उठाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित