मोहाली , अक्टूबर 28 -- पंजाब की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद वीनू मांकड़ ट्रॉफी जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। इंदौर के दिल्ली कॉलेज ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को हराकर खिताब अपने नाम किया।

जीत के बाद मोहाली एयरपोर्ट पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीट हेयर ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद रहे। मीट हेयर ने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में मुंबई को हराकर अपनी प्रतिभा साबित की। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब क्रिकेट भविष्य में भी कई बड़े खिताब जीतेगा।

टूर्नामेंट में अर्जुन राजपूत ने 695 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी का गौरव हासिल किया। उन्होंने तीन शतक लगाने के साथ 11 विकेट भी लिए। इशान सूद ने 13 विकेट हासिल किए, जिनमें फाइनल के चार विकेट शामिल हैं। सागर विर्क ने 351 रन बनाए, जबकि फाइनल में उन्होंने 111 रन की शानदार पारी खेली।

साहिबजोतवीर सिंह ने 19 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट हासिल किए। उमेश गिल ने 368 और ऋषभ गुप्ता ने 278 रन बनाए। ऋषभ ने सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक लगाए। लक्ष्य कंसल ने 12 विकेट लेकर टीम की सफलता में योगदान दिया।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे राज्य में क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित