भीलवाड़ा , जुलाई 24 -- राजस्थान में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने मुजरास टोल पर विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने शुक्रवार को बताया कि अभियान के दौरान 13 लग्जरी एवं स्लीपर बसों की सघन जांच की गई। निरीक्षण में विभिन्न मोटर वाहन नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन मिलने पर सात बसों के खिलाफ कुल 91 हजार 600 रुपये के चालान किए गए। वहीं जिन बसों के दस्तावेज, फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, उन्हें यात्रियों सहित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवांगिनी औदीच्य, जिला परिवहन अधिकारी रामकिशन चौधरी, परिवहन निरीक्षक मनीष कुमार और कैलाश शक्तावत मौजूद रहे। संयुक्त दल ने बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, फर्स्ट एड बॉक्स, चालक के दस्तावेज और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों का गहन निरीक्षण किया।
रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले बस में आपात द्वार, अग्नि सुरक्षा उपकरण और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित