बुरहानपुर , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पाचौरी निवासी मेहमानसिंह (23) और जसवीर पटवा (22) के रूप में हुई है।

खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि पुलिस ने नौ अगस्त को ओझर निवासी शक्तिसिंह (23) को खकनार के जंगल से पकड़ा था। उसके पास से 13 पिस्टल, एक मैगजीन, 45 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। जब्त सामान की कुल कीमत चार लाख 92 हजार रुपये आंकी गई थी।

पूछताछ में शक्तिसिंह ने पुलिस को बताया था कि उक्त हथियार उसे मेहमानसिंह और जसवीर ने दिए थे। इसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस ने पांच अक्टूबर को पांगरी रोड पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित