लखनऊ/मुरादाबाद , जनवरी 28 -- उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 13.260 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के तीन सदस्यों को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश कुमार पुत्र अतर सिंह और नन्हे पुत्र लेखराज निवासी ग्राम जटपुरा थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद व आसिफ पुत्र इरशाद निवासी ग्राम कांकरखेडा, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद के तौर पर हुई है।

एसटीएफ को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि ओडिशा राज्य से गांजा लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ की टीम ने थाना पाकवाड़ा, जनपद मुरादाबाद क्षेत्र अंतर्गत बागड़पुर कट पर चेकिंग के दौरान रामपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक से 13.260 किलो गांजा बरामद हुआ। एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से एक ट्रक (यूपी-22 बीटी-1846) और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा 7 हजार रुपये प्रति किलो की दर से खरीदते थे और पश्चिमी यूपी में 10 हजार रुपये प्रति किलो बेचते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि मुनाफे की रकम आपस में बांट ली जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित