शेखपुरा , जुलाई 17 -- बिहार के शेखपुरा जिले में सिरारी थाना पुलिस ने वर्ष 2014 के चर्चित गबन मामले में कार्रवाई करते हुए महसार पैक्स के पूर्व अध्यक्ष मुरारी कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सिरारी गांव निवासी नवल किशोर सिंह के पुत्र एवं पूर्व पैक्स अध्यक्ष मुरारी कुमार पर एक सरकारी योजना की राशि में करीब 4.83 लाख रुपये के गबन का आरोप है। इस मामले में लंबे समय से कार्रवाई लंबित थी और आरोपी गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।

सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर सिरारी थाना पुलिस ने छापेमारी कर मुरारी कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई तथा मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को शेखपुरा न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 में दर्ज इस मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित