चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि गांवों में भी शहरों जैसी स्वच्छ और सुव्यवस्थित 'स्मार्ट गली' विकसित की जायें। इसी उद्देश्य से राज्य में 10 हजार से अधिक मतदाताओं वाले 111 गांवों की पहचान की गयी है। बादली विधानसभा क्षेत्र के बादली गांव को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
जहां स्मार्ट गली निर्माण पर 1,19,39,000 रुपये खर्च किये जाएंगे विधानसभा के बजट सत्र के शून्यकाल में विधायक कुलदीप वत्स द्वारा उठाये गये प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने यह जानकारी दी। तालाबों के मुद्दे पर विधायक शिशपाल केहरवाला के प्रश्न का जवाब देते हुए श्री पंवार ने कहा कि राज्य में तालाबों की स्थिति उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने तालाबों के किनारों पर मकान बना लिये हैं। ग्राम पंचायत की कृषि भूमि या फिरनी पर मकान बनाने पर रोक है। पंचायत भूमि पर बने 500 वर्ग गज तक के मकानों को स्वामित्व अधिकार देने का प्रावधान किया गया है।
उपायुक्तों को ऐसे मामलों की जांच कर विशेष शिविर लगाने और रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित